बैजनाथ में आयोजित होने वाला राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 अब बिल्कुल नजदीक है और इसकी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। यह महोत्सव 15 फरवरी से 19 फरवरी तक श्रद्धा, आस्था और सांस्कृतिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से श्रद्धालु और पर्यटक भाग लेते हैं। व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र के विधायक किशोरी लाल इंदिरा गांधी स्टेडियम पहुंचे और वहां चल रही तैयारियों का विस्तार से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने पंडाल व्यवस्था, मंच निर्माण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों, सुरक्षा प्रबंध, पार्किंग, स्वच्छता और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि महोत्सव में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और मेला कमेटी के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए, ताकि आयोजन पूरी तरह सफल हो सके।
विधायक किशोरी लाल ने कहा कि बैजनाथ का राज्य स्तरीय शिवरात्रि महोत्सव क्षेत्र की ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान का प्रतीक है। इसमें हर साल बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के सहयोग और टीम भावना से इस बार का महोत्सव पहले से अधिक भव्य और यादगार बनेगा।
इस अवसर पर एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम, नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी चमन कपूर, मिलाप राणा, रमेश चड्ढा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, मेला कमेटी के सदस्य और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!