Himachal: बद्दी में वन रक्षक 5000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, विजिलैंस की बड़ी कार्रवाई से वन विभाग में हड़कंप

हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलैंस विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फॉरेस्ट गार्ड को 5000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी वन रक्षक नालागढ़ वन विभाग के तहत दभोटा बीट में तैनात था। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हलचल मच गई है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी फॉरेस्ट गार्ड ने एक शिकायतकर्ता से पेड़ कटान से जुड़े मामले को रफा-दफा करने के बदले रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए तुरंत विजिलैंस थाना बद्दी को इसकी सूचना दी। शिकायत मिलते ही विजिलैंस विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और एक विशेष टीम गठित की।

यह पूरी कार्रवाई डीएसपी विजिलैंस डॉ. प्रतिभा चौहान के नेतृत्व में की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से 5000 रुपये की रिश्वत ली, विजिलैंस की टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पास से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई।

विजिलैंस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल था या नहीं। विजिलैंस विभाग आरोपी समीर को बुधवार को स्थानीय अदालत में पेश करेगा और जांच अधिकारी रिमांड की मांग करेंगे, जिससे मामले की गहराई से जांच की जा सके।

वन विभाग में रिश्वतखोरी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी विजिलैंस थाना बद्दी की टीम ने इसी विभाग के एक अन्य फॉरेस्ट गार्ड को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। कुछ ही समय में सामने आए इस दूसरे बड़े मामले ने वन विभाग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!