Himachal: बाबा बालक नाथ मंदिर मार्ग पर बड़ा हादसा टला! अचानक गिरी विशाल चट्टान, अमृतसर की महिला घायल

हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मंदिर क्षेत्र में गुरुवार रात एक बड़ा हादसा टल गया, जिसने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रात करीब सवा दस बजे, जब अमृतसर से आए 15-20 श्रद्धालुओं का जत्था बैरियर नंबर एक के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान नीचे आ गिरी।

चट्टान के सड़क पर गिरकर टूटने से उसके टुकड़ों की चपेट में आकर अमृतसर निवासी 40 वर्षीय देवी घायल हो गईं। राहत की बात यह रही कि महिला के साथ मौजूद उसके दोनों बच्चे इस हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय दुकानदारों और अन्य श्रद्धालुओं ने तुरंत मदद के लिए हाथ बढ़ाया। मंदिर ट्रस्ट की टैक्सी सेवा में मौजूद फर्स्ट एड किट से महिला को प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद उसे ट्रस्ट के अस्थायी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला के घुटने और बाजू में चोटें आई हैं, लेकिन इलाज के बाद उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

इस घटना ने मंदिर मार्ग पर सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रास्ते पर कई ढलानदार पहाड़ियां हैं, जहां से अक्सर पत्थर गिरते रहते हैं और पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं। श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा जालियां लगाई जाएं, चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए।

मामले पर संज्ञान लेते हुए मंदिर अधिकारी सुभाष मल्होत्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावित क्षेत्र में फेंसिंग की जाएगी। फिलहाल सुरक्षा के लिहाज से श्रद्धालुओं को वैकल्पिक सुरक्षित रास्ते से जाने के निर्देश दिए गए हैं और मौके पर एम्बुलेंस व सुरक्षाकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!