Kullu: आनी में सड़कों पर उतरी भाजपा, कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे विधायक लोकेंद्र कुमार

आनी भाजपा मंडल ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, विकास कार्यों की बदहाली और कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में स्थानीय विधायक लोकेंद्र कुमार की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पूरे आनी क्षेत्र में इस विरोध प्रदर्शन को लेकर खासा माहौल देखने को मिला।

इस दौरान विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि प्रदेश में शासन व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में विकास कार्य लगभग ठप हो गए हैं और क्षेत्र की सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है। उन्होंने कहा कि आम जनता को आज बुनियादी सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश का युवा बेरोजगारी से परेशान है, महिलाएं खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही हैं और किसान-बागवान लगातार मुश्किलों से गुजर रहे हैं।

स्थानीय समस्याओं का जिक्र करते हुए विधायक लोकेंद्र कुमार ने कहा कि आनी नागरिक अस्पताल में महीनों से एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय लोगों को मजबूरी में निजी क्लीनिकों में महंगी जांच करवानी पड़ रही है। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही का बड़ा उदाहरण बताया।

सड़कों की बदहाल स्थिति पर विधायक ने कहा कि आनी विधानसभा क्षेत्र की दर्जनों सड़कें लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिससे ग्रामीण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इनमें राणावाग-लालू मार्ग, सेरी-करशाला मार्ग, कोठी-टकरायी मार्ग, कंडूगाड-कांडा मार्ग, बखनाओं-डूगाशिगान, कंडागई-काथला, पनैई-जावो, गूगरा-कुटवा, खैनवी कैंची-बांशा, पूनन खड्ड-गाड़ाडीम, भोजूपानी-लामीढूगरी, सिनवी-मुहान और आनी-नगाली कैंची सड़कें प्रमुख रूप से शामिल हैं।

विधायक ने कांग्रेस सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं के लिए घोषित 1500 रुपए की सहायता राशि आज तक किसी के खाते में नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि सरकार सिर्फ घोषणाएं कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर हालात जस के तस बने हुए हैं।

इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष वेद ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही जनता की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आनी विधानसभा क्षेत्र को जानबूझकर विकास से वंचित रखा जा रहा है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता दुनी चंद ठाकुर ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जनसमस्याओं का समाधान नहीं किया गया और बंद पड़ी सड़कों को बहाल नहीं किया गया, तो भाजपा इस आंदोलन को और तेज करेगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!