देहरा उपमंडल के ग्राम पंचायत शिवनाथ के बरवाड़ा गांव में शनिवार का दिन गमगीन माहौल में बीता, जब 21 वर्षीय अग्निवीर सैनिक अर्पित कौंडल का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पहुंचा। अर्पित चार महीने पहले ही अग्निवीर योजना के तहत भारतीय सेना में भर्ती हुआ था, लेकिन रंगरूट प्रशिक्षण के दौरान बीमारी के कारण शुक्रवार को उनका निधन हो गया। शनिवार सुबह 10 बजे जब अर्पित का पार्थिव शरीर देहरा पहुंचा, तो हर आंख नम हो गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
अर्पित कौंडल अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। चार महीने पहले सेना में भर्ती होकर उसने अपने परिवार का नाम रोशन किया था, लेकिन दुर्भाग्यवश उसकी असमय मृत्यु हो गई। अर्पित के पिता हेमराज दिहाड़ी-मजदूरी कर परिवार का गुजर-बसर कर रहे थे। बेटे की सेना में नौकरी लगने के बाद उन्होंने अच्छे दिनों की आस लगाई थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।
अर्पित कौंडल को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। उनके अंतिम संस्कार के दौरान पूरा गांव उमड़ पड़ा और हर किसी ने नम आंखों से अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि अर्पित की। गांव में शोक का माहौल था और लोग अर्पित को याद कर रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने अर्पित के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि यह क्षति अपूरणीय है और सरकार उनके परिवार के साथ खड़ी है। प्रशासन की ओर से तहसीलदार कर्म चंद कालिया ने अर्पित के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। केसीसी बैंक निदेशक सुनील कश्यप ने भी इस दुख की घड़ी में परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!