बॉलीवुड में ‘धुंरधंर’ जैसी सफल फिल्म देने वाले निर्देशक आदित्य धर और उनकी पत्नी, मशहूर अभिनेत्री यामी गौतम ने हिमाचल प्रदेश के शक्तिपीठ श्री नयनादेवी मंदिर में माथा टेका। फिल्म की शानदार सफलता के बाद यह स्टार कपल माता रानी का धन्यवाद करने और उनका आशीर्वाद लेने मंदिर पहुंचा।
बिलासपुर जिले में स्थित इस प्रसिद्ध धाम में दोनों ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान कंजक पूजन भी किया गया। पूजा में यामी गौतम की माता अंजलि गौतम, मामा अनूप गौतम, सचिन गौतम और मोहित गौतम सहित पूरा परिवार भी मौजूद रहा।
मंदिर से बाहर निकलने के बाद आदित्य धर ने कहा कि नयनादेवी मंदिर में आकर उन्हें गहरी आत्मिक शांति मिलती है। उन्होंने बताया कि यह स्थान श्रद्धालुओं की हर मनोकामना पूरी करता है और उनका मन बार-बार यहां आने को करता है।
यामी गौतम भले ही चंडीगढ़ में पली-बढ़ी हों, लेकिन उनका जन्म हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में हुआ है। उनके पिता मुकेश गौतम पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने निर्देशक हैं, और यही वजह है कि यामी हमेशा अपनी जड़ों से जुड़ी रही हैं।
यामी और आदित्य ने 4 जून 2021 को विवाह किया था। यह शादी बेहद सादगीपूर्ण रही, जिसे हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में स्थित एक फार्महाउस में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न किया गया। इसमें केवल परिवार और कुछ करीबी लोग ही शामिल हुए थे। यह जोड़ा अब एक बेटे के माता-पिता हैं और अक्सर हिमाचल के प्रति अपने लगाव को व्यक्त करता रहता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!