हिमाचल प्रदेश में राज्य सरकार के बजट सत्र से ठीक पहले वीवीआईपी मूवमेंट बढ़ने जा रही है। एक तरफ देश के उपराष्ट्रपति कांगड़ा जिला का दौरा करेंगे, वहीं दूसरी ओर भारत के मुख्य न्यायाधीश मंडी जिला के दौरे पर आ रहे हैं। खास बात यह है कि दोनों का ही अपने-अपने पद संभालने के बाद हिमाचल का यह पहला दौरा होगा। इन महत्वपूर्ण दौरों को देखते हुए राज्य सरकार का सामान्य प्रशासन विभाग तैयारियों में जुट गया है और जिला प्रशासन भी राज्य सरकार के साथ मिलकर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है।
देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने 12 सितंबर 2025 को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। इससे पहले वह महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्य कर चुके हैं। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनका हिमाचल प्रदेश का पहला दौरा होगा। अपने इस दौरे के दौरान वह 14 मार्च को केंद्रीय विश्वविद्यालय कांगड़ा के दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और छात्रों को संबोधित भी करेंगे।
दूसरी ओर सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत भी 14 और 15 मार्च को मंडी जिला के दौरे पर आ रहे हैं। उन्होंने नवंबर 2025 में भारत के मुख्य न्यायाधीश का पद संभाला था। अपने दौरे के पहले दिन यानी 14 मार्च को वह मंडी पहुंचकर जिला न्यायालय परिसर के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसी दिन उनके नेतृत्व में स्टेट लीगल सर्विसेज अथॉरिटी का एक विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
उपराष्ट्रपति और मुख्य न्यायाधीश के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए कांगड़ा और मंडी जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। सुरक्षा से लेकर कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं तक हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि दोनों कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हो सकें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!