Una: ऊना में 10 अनाथ बच्चों को बड़ी राहत, शादी के लिए मिले 60-60 हजार रुपये एफडी के रूप में

उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत जिले के 10 पात्र लाभार्थियों को विवाह सहायता की शेष राशि जारी की। इन सभी लाभार्थियों को 60-60 हजार रुपये की रकम फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में प्रदान की गई, ताकि उन्हें भविष्य में आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत प्रत्येक पात्र अनाथ बच्चे को विवाह के लिए कुल 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। इसमें से 1 लाख 40 हजार रुपये की राशि विवाह के समय पहले ही उपलब्ध करवा दी गई थी, जबकि शेष 60 हजार रुपये अब लाभार्थियों के नाम फिक्स्ड डिपॉजिट के रूप में जारी किए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अनाथ बच्चों को शादी के बाद भी आर्थिक सहारा मिल सके।

जतिन लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अनाथ बच्चों के समग्र कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सुख-आश्रय योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, विवाह और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी कई सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे प्रदेशभर में हजारों अनाथ बच्चों को लाभ मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य अनाथ बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसके तहत शिक्षा, विवाह, व्यावसायिक प्रशिक्षण, गृह निर्माण और स्वयं का स्टार्टअप शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उपायुक्त ने यह भी बताया कि जिला ऊना में बीते दो वर्षों के दौरान मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के विभिन्न प्रावधानों के अंतर्गत लगभग पौने चार करोड़ रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे निराश्रित बच्चों को सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की दिशा मिली है। इस अवसर पर एकीकृत बाल विकास परियोजना के जिला कार्यक्रम अधिकारी नरेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!