ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के ग्राम पंचायत मैड़ी के वार्ड नंबर 1 में बुधवार सुबह एक व्यक्ति की कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय संजीव कुमार पुत्र रामसरन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, संजीव कुमार सुबह करीब 8:30 बजे खेतों में घुसे आवारा पशुओं को हटाने गया था, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से कुएं में गिर गया। काफी समय तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसे खेतों में तलाश किया, जहां वह कुएं में गिरा हुआ मिला। घटना स्थल घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया गया। ग्राम पंचायत मैड़ी की प्रधान रीना ठाकुर ने बताया कि संजीव कुमार दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। वह अपने पीछे पत्नी और 9 साल की बच्ची को छोड़ गया है।
एसएचओ अम्ब अनिल उपाध्याय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!