Mandi: सुंदरनगर में गौवंश तस्करी का शक: युवाओं की सतर्कता से पकड़ा गया संदिग्ध टैंपो, पुलिस जांच में जुटी

सुंदरनगर उपमंडल के भवाणा क्षेत्र में फोरलेन बाईपास के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय युवाओं ने गौवंश ले जा रहे एक संदिग्ध टैंपो को रोक लिया। बताया जा रहा है कि यह वाहन पंजाब के होशियारपुर जिले का है। जब युवाओं ने वाहन में सवार लोगों से गौवंश को लाने और ले जाने के संबंध में पूछताछ की तो वे कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया।

स्थिति को भांपते हुए युवाओं ने तुरंत सलापड़ पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और टैंपो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि वाहन सवारों के पास गौवंश के परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज मौजूद नहीं था। न तो खरीद से जुड़े कागजात दिखाए गए और न ही ग्राम वार्ड सदस्य या पंचायत प्रधान की ओर से जारी कोई एफिडेविट या अनुमति पत्र प्रस्तुत किया गया।

इसके अलावा, नियमों के तहत जरूरी पहचान टैग भी गौवंश के शरीर पर नहीं पाया गया। पूछताछ के दौरान वाहन चालक और अन्य संबंधित व्यक्ति ने दावा किया कि गौवंश मंडी जिले के बल्ह उपमंडल के कुम्मी और गलमा क्षेत्र से खरीदा गया है, लेकिन इस दावे के समर्थन में भी कोई लिखित प्रमाण पेश नहीं किया जा सका।

बिना वैध दस्तावेजों के इस तरह की ढुलाई ने हिमाचल प्रदेश में अवैध गौवंश तस्करी को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!