मंडी जिले के सुंदरनगर में पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को चिट्टे के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर चमुखा क्षेत्र में दबिश दी गई, जहां से आरोपी के कब्जे से 3.096 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि चमुखा इलाके में एक युवक अवैध रूप से मादक पदार्थों की तस्करी कर रहा है। सूचना मिलते ही सुंदरनगर पुलिस की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संदिग्ध के ठिकाने पर छापा मारा। कमरे की तलाशी के दौरान गद्दे के नीचे छिपाकर रखी गई एक पॉलीथिन और फॉयल पेपर में लिपटा चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी संजय कुमार, निवासी मलिंडी, पहली बार कानून के शिकंजे में नहीं आया है। उसके खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों से जुड़े चार मामले दर्ज हैं। इससे साफ है कि वह लंबे समय से इस अवैध कारोबार में लिप्त था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाया जा रहा है कि वह यह नशीला पदार्थ कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था।
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि सुंदरनगर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। डीएसपी ने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल से बचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!