Kangra: मिड डे मील कचर्मी की हत्या के बाद डरे बच्चों के बीच पहुंचे एसपी, जमीन पर बैठ लगाई ‘एसपी की पाठशाला’

कांगड़ा जिले के प्राइमरी स्कूल चनौर में मिड डे मील कचर्मी की नृशंस हत्या के बाद फैले सन्नाटे और डर के माहौल को खत्म करने के लिए पुलिस जिला देहरा के एसपी मयंक चौधरी ने एक अनोखी और सराहनीय पहल की। शनिवार को वह खुद स्कूल पहुंचे और बच्चों के बीच जमीन पर बैठकर ‘एसपी की पाठशाला’ लगाई। उनके इस सहज और अपनत्व भरे व्यवहार ने बच्चों के मन से डर कम करने में अहम भूमिका निभाई और स्कूल में दोबारा रौनक लौटती नजर आई।

हत्या की घटना के बाद स्कूल में बच्चों की उपस्थिति लगभग शून्य हो गई थी। अभिभावक डरे हुए थे और बच्चे भी सहमे-सहमे स्कूल आ रहे थे। हालांकि एसपी के स्कूल आने और सुरक्षा का भरोसा देने के बाद शनिवार को 87 में से 48 बच्चे स्कूल पहुंचे। एसपी मयंक चौधरी ने बच्चों से दोस्त की तरह बातचीत की, उनकी बातें सुनीं और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा के लिए मौजूद है। इस दौरान बच्चों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौटती दिखी।

एसपी ने भावुक होते हुए कहा कि वह किसी साधारण स्कूल में नहीं, बल्कि बच्चों के मंदिर में आए हैं। उनका उद्देश्य केवल इतना है कि बच्चे डर के साए से बाहर निकलें और फिर से पूरी लगन के साथ अपनी पढ़ाई जारी रखें। उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक कर स्कूल को पूरी तरह भयमुक्त बनाने को लेकर भी चर्चा की और आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

इस मौके पर एसपी ने अभिभावकों से भी खास अपील की। उन्होंने कहा कि घर में बच्चों के सामने हत्या या अपराध से जुड़ी घटनाओं पर चर्चा न करें, क्योंकि इसका बच्चों के कोमल मन पर गहरा असर पड़ता है। सकारात्मक माहौल और भरोसा देकर ही बच्चों को मानसिक रूप से मजबूत बनाया जा सकता है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!