जिला सिरमौर में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की एसआईयू टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक महिला, उसके दो बेटों और एक युवती को चिट्टा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में सवार कुछ लोग चिट्टा की सप्लाई लेकर कोटड़ी स्थित अपने किराए के मकान की ओर जा रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गाड़ी नंबर HP18C-8477 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस ने लतिका पत्नी विनोद कुमार निवासी दुर्गा कॉलोनी कालाआम्ब जिला अंबाला (हरियाणा), उसके दो बेटे राघवन कुमार उर्फ रोक्स और निखिल कुमार पुत्र विनोद कुमार को काबू किया। इनके साथ ही पिंकी उर्फ नेन्सी पुत्री हीरालाल ठाकुर निवासी गलोग नगाली जिला सोलन, जो फिलहाल कोटड़ी नाहन में रह रही थी, को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15.73 ग्राम चिट्टा या स्मैक और 10,450 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार यह नकदी मादक पदार्थों की कमाई प्रतीत हो रही है। बरामदगी के बाद सभी आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इस संबंध में पुलिस थाना नाहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और अदालत से पुलिस रिमांड लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!