Kangra: हर पंचायत में बनेंगी शिव सैनिकों की टोलियां, ड्रग्स से लेकर लव जिहाद तक पर रखी जाएगी नजर: नरेंद्र धीमान

कांगड़ा जिले के चामुंडा मंदिर के पास स्थित लकी गेस्ट हाउस में मंगलवार को शिव सेना हिन्द की एक अहम बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी निशांत शर्मा के निर्देशानुसार बुलाई गई थी। बैठक में संगठन के विस्तार और सामाजिक मुद्दों पर रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र धीमान ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिव सेना हिन्द एक धार्मिक और सामाजिक संगठन है, जिसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन समाज से जुड़े हर गंभीर मुद्दे पर संगठन मजबूती से आवाज उठाएगा।

प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र धीमान ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में बिना सत्यापन रह रहे गैर-स्थानीय लोगों की बढ़ती संख्या चिंता का विषय बनती जा रही है। इससे न केवल स्थानीय लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं, बल्कि देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान भी खतरे में पड़ रही है। उन्होंने संजौली में सामने आए अवैध मस्जिद विवाद का जिक्र करते हुए इसे गंभीर मुद्दा बताया और कहा कि समय रहते अगर जनता संगठित हो जाए तो इन समस्याओं का समाधान संभव है।

नरेंद्र धीमान ने कहा कि शिव सेना हिन्द आने वाले समय में हर पंचायत स्तर पर शिव सैनिकों की टोलियां गठित करेगी। ये टोलियां ड्रग्स तस्करी, गौ तस्करी, लव जिहाद और भूमि जिहाद जैसे मामलों पर नजर रखेंगी और प्रशासन के सहयोग से ऐसे मामलों को जड़ से खत्म करने का प्रयास करेंगी। उन्होंने चिंता जताई कि बीते कुछ वर्षों में हिमाचल के अलग-अलग इलाकों से कई हिंदू युवतियों के लापता होने की खबरें सामने आई हैं, जो बेहद गंभीर विषय है और अब इस पर सख्त कदम उठाने का समय आ गया है।

बैठक में प्रशासन से यह भी अपील की गई कि उपायुक्त द्वारा जारी अप्रवासी पंजीकरण से जुड़ी अधिसूचना को सख्ती से लागू किया जाए। साथ ही जिन हिंदू परिवारों ने किराये पर मकान या दुकानें दी हैं, उनसे संवाद कर इस विषय में जागरूकता लाने पर भी सहमति बनी।

बैठक में प्रदेश युवा आईटी सेल प्रमुख बादल बराड़, प्रांत युवा सुरक्षा प्रमुख अभिषेक धीमान, कांगड़ा जिला अध्यक्ष अवनीश चौहान और जिला युवा अध्यक्ष तरुण जस विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता जिला युवा अध्यक्ष तरुण जस ने की। इसके अलावा सोनू बाबा, दीपक शर्मा, अमन, अनिल कुमार, अक्षत, साहिल, नवनीत, अरविंद, शिखर, गोल्डी, वरुण, विशाल, माधव, आशीष ठाकुर, अभय कुमार, नरेश चरक, रजत, अर्पित वालिया, अभिनय, अर्चित, उजस समेत बड़ी संख्या में शिव सैनिक मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!