Kangra: शाहपुर में नशे का भंडाफोड़, दो सगे भाई बाइक पर बेच रहे थे चिट्टा, 9.44 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार

जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सगे भाइयों को चिट्टा सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसमें 9.44 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद की गई है। यह कार्रवाई 6 दिसंबर 2025 को अंजाम दी गई।

पुलिस के मुताबिक, कांगड़ा क्षेत्र में तैनात विशेष टीम नियमित गश्त पर थी, तभी उसे विश्वसनीय सूचना मिली कि दो युवक केटीएम मोटरसाइकिल नंबर HP40F-2643 पर सवार होकर छड़ोल हरचकियां के पास नशे का अवैध कारोबार कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत मौके पर दबिश दी और दोनों युवकों को घेराबंदी कर काबू कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अभिषेक पुत्र मनजीत मसिहा, उम्र 24 वर्ष और विक्रम मसिहा पुत्र मनजीत मसिहा, उम्र 29 वर्ष, निवासी गांव व डाकघर सलोल, वार्ड नंबर 03, तहसील व जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 9.44 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

बरामदगी के बाद पुलिस थाना शाहपुर में अभियोग संख्या 132/2025 के तहत मादक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी नशे की सप्लाई कहां से लाते थे और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

जिला कांगड़ा पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि नशे या किसी भी अवैध गतिविधि से जुड़ी जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!