Kangra: शाहपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन! कार से चिट्टा बरामद, दो युवक रंगे हाथ गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शाहपुर पुलिस की टीम ने गुरुवार शाम गश्त के दौरान दो युवकों को चिट्टा (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान अश्वनी कुमार (37) निवासी ज्वाली और सुनील कुमार उर्फ ईशू (30) निवासी शाहपुर के रूप में हुई है।

पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली थी कि सिहुंआ स्थित पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़ी एक ऑल्टो K-10 कार (HP 40A-7048) में कुछ युवक नशा बेचने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके की घेराबंदी कर दी। जब संदिग्ध कार की तलाशी ली गई, तो उसके डैशबोर्ड से 2 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही नशे की खेप कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया।

शाहपुर थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस प्रशासन के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसके तार किन बड़े तस्करों से जुड़े हो सकते हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में इस अवैध नेटवर्क से जुड़े बड़े खुलासे हो सकते हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!