Kangra: 112 साल बाद शाहपुर को मिला नया रेंज ऑफिस, राजीव गांधी वन संवर्धन योजना से मिलेंगे हजारों स्वरोजगार के मौके

हिमाचल प्रदेश के शाहपुर क्षेत्र के लिए एक अहम उपलब्धि सामने आई है। शाहपुर के विधायक और उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने गुरुवार को लगभग 32 लाख रुपये की लागत से बने वन परिक्षेत्र अधिकारी शाहपुर (रेंज ऑफिस) के नए भवन का लोकार्पण किया। खास बात यह है कि इस कार्यालय को करीब 112 वर्षों बाद अपना नया भवन मिला है, जिसे एक वर्ष से भी कम समय में तैयार कर लिया गया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वन प्रबंधन और वन क्षेत्र के विस्तार में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए वित्त वर्ष 2025-26 से राजीव गांधी वन संवर्धन योजना शुरू कर रही है। इस योजना पर लगभग 100 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों, महिला मंडलों, युवक मंडलों और ग्रामीण वन प्रबंधन समितियों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही जल, जंगल और जमीन के संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

केवल सिंह पठानिया ने बताया कि इस वर्ष धर्मशाला वन मंडल के अंतर्गत 28 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण किया गया है। वहीं वर्ष 2026-27 के लिए 149 हेक्टेयर भूमि पर पौधारोपण का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि जिन महिला मंडलों या समाजसेवी संस्थाओं द्वारा लगाए गए पौधों का सर्वाइवल रेट बेहतर रहेगा, उन्हें प्रोत्साहन के रूप में एक लाख रुपये तक की राशि भी प्रदान की जाएगी।

उन्होंने यह भी बताया कि शाहपुर में वन विभाग का यह पहला सरकारी कार्यालय था। वर्ष 1983 में यहां रेंज ऑफिस स्थापित किया गया था, लेकिन अब इतने लंबे समय बाद इसे अपना नया भवन मिला है। इससे पहले यह कार्यालय पुराने भवन में ही संचालित हो रहा था। उन्होंने कहा कि एक वर्ष से भी कम समय में भवन का निर्माण पूरा होना वन विभाग की बड़ी उपलब्धि है। इसके लिए उन्होंने विभाग को बधाई दी और समय पर धनराशि उपलब्ध करवाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

शाहपुर के विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर पंचायत शाहपुर में लगभग 18 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य किए गए हैं। इसके अलावा नगर पंचायत क्षेत्र में 30 हैंडपंप स्थापित कर लोगों को सुचारू और निर्बाध पेयजल सुविधा उपलब्ध करवाई गई है।

कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के डीएफओ अमित शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा रेंज ऑफिस भवन के लोकार्पण के लिए आभार व्यक्त किया। वहीं सीसीएफ वासु कौशल ने भी मुख्य अतिथि का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से यह भवन समय पर बनकर तैयार हुआ है। उन्होंने राजीव गांधी वन संवर्धन योजना की विस्तृत जानकारी भी साझा की।

रेंज ऑफिसर सुमित शर्मा ने कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का धन्यवाद किया। इस मौके पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, एटीसी शाहपुर की प्रभारी वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ वाइल्डलाइफ दिनेश शर्मा, बीएमओ डॉ. कविता ठाकुर, बीडीओ रैत कमलजीत, जलशक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता अमित शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता नीरज जसवाल सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!