Kullu: सैंज घाटी की रितिका ठाकुर ने रचा इतिहास, भारतीय फुटबॉल के टॉप सिक्स में जगह

कुल्लू जिले की सैंज घाटी के लिए गर्व का पल है। ग्राम पंचायत रैला की होनहार बेटी रितिका ठाकुर का चयन भारतीय फुटबॉल के टॉप सिक्स खिलाड़ियों में हुआ है। इस उपलब्धि के बाद पूरे सैंज घाटी क्षेत्र में खुशी का माहौल है और रितिका को हर ओर से बधाइयां मिल रही हैं।

रितिका ठाकुर वर्तमान में डिग्री कॉलेज कुल्लू में फिजिकल एजुकेशन की तृतीय वर्ष की छात्रा हैं। बचपन से ही खेलों में रुचि रखने वाली रितिका फुटबॉल में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। हाल ही में बेंगलुरु में 24 से 28 तारीख तक आयोजित ट्रायल में गोवा फुटबॉल एसोसिएशन की ओर से उनका चयन इंडियन कैंप के टॉप सिक्स खिलाड़ियों में किया गया।

रितिका ने बताया कि वह हिमाचल प्रदेश से पहली ऐसी लड़की हैं, जिनका चयन फुटबॉल इंडिया के टॉप सिक्स में हुआ है। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और मेहनत के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।

इस बड़ी उपलब्धि के बाद रैला पंचायत और सैंज घाटी में जश्न का माहौल है। स्थानीय लोग रितिका को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि अगर कैंप के बाद रितिका का अंतिम चयन होता है, तो वह आगे थाईलैंड में अपने खेल का प्रदर्शन करेंगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!