राजकीय महाविद्यालय रिड़कमार में युवाओं के लिए सांख्यिकी के महत्व पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम का सफल समापन हो गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग, हिमाचल प्रदेश सरकार के सहयोग तथा सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) के प्रायोजन से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सांख्यिकी के महत्व, उसकी उपयोगिता और सरकारी नीतियों के निर्माण में आंकड़ों की भूमिका के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान अर्थशास्त्र एवं सांख्यिकी विभाग की रिसर्च ऑफिसर डॉ. शिल्पा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए सांख्यिकी के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विभाग की कार्यप्रणाली, आर्थिक सर्वेक्षण, बजट और नीतिगत निर्णयों में आंकड़ों की भूमिका को सरल तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि किसी भी देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण के लिए विश्वसनीय सांख्यिकीय आंकड़े बेहद जरूरी होते हैं।
इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सिहुंता के वाणिज्य विभाग के सहायक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने तीन अलग-अलग सत्रों में सांख्यिकी के मूलभूत सिद्धांतों और उसके व्यावहारिक उपयोग के बारे में जानकारी दी। अपने व्याख्यान में उन्होंने बताया कि शिक्षा, व्यापार, अनुसंधान और नीति निर्माण जैसे कई क्षेत्रों में सांख्यिकी की अहम भूमिका होती है और इसके सही उपयोग से निर्णय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बनती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए भाषण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, पोस्टर मेकिंग और निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र और पुस्तकों के रूप में पुरस्कार दिए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सहायक आचार्य प्रो. हाकम चंद ने किया और प्रमाण पत्रों की सूची प्रो. भूपिंदर सिंह द्वारा प्रस्तुत की गई। इस कार्यक्रम में लगभग 70 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य श्री मनोज कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य अतिथियों को सम्मानित करते हुए कहा कि ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन और व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। इस अवसर पर डॉ. आशा मिश्रा और श्री वेद भूषण सहित अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!