डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज (आरकेजीएमसी) हमीरपुर के ऑर्थो विभाग के डॉक्टरों ने एक बेहद दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम देकर एक 36 वर्षीय युवक को नई जिंदगी दी है। नादौन क्षेत्र के रहने वाले राजन मनकोटिया एंकिलोजिंग स्पॉन्डिलाइटिस नाम की दुर्लभ बीमारी से पीड़ित थे, जिसके कारण उनके दोनों कूल्हे और घुटने पूरी तरह जकड़ गए थे। हालत इतनी खराब हो गई थी कि वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गए थे और दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे।
आरकेजीएमसी हमीरपुर में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. शिखर डोगरा ने जांच के बाद उन्हें दोनों कूल्हों और दोनों घुटनों के प्रत्यारोपण की सलाह दी। आवश्यक दवाइयों की डोज लेने के लिए पहले उन्हें एम्स भेजा गया, जिसके बाद नवंबर 2024 में आरकेजीएमसी में पहला कूल्हा प्रत्यारोपण किया गया। इसके बाद अप्रैल 2025 में दूसरे कूल्हे का प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। इलाज की प्रक्रिया यहीं नहीं रुकी और जुलाई 2025 में बाएं घुटने तथा जनवरी 2026 में दाएं घुटने का भी सफल प्रत्यारोपण किया गया। इस तरह करीब एक साल के भीतर चार बड़े ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने मरीज को पूरी तरह ठीक कर दिया।
आरकेजीएमसी के प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने बताया कि डॉ. शिखर डोगरा और उनकी टीम द्वारा इतने कम समय में चार बड़े और जटिल ऑपरेशन करना एक असाधारण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सर्जरी बहुत दुर्लभ होती है और यह सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और सफलता को दर्शाती है।
ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. शिखर डोगरा ने बताया कि राजन मनकोटिया की स्थिति बेहद गंभीर थी। उन्हें बैठने, खड़े होने और चलने तक में कठिनाई होती थी। लेकिन दोनों कूल्हों और दोनों घुटनों के सफल प्रत्यारोपण के बाद अब उनकी शारीरिक मुद्रा पूरी तरह सामान्य हो गई है। वह अब बिना किसी सहारे के चल सकते हैं और सामान्य जीवन जी रहे हैं।
राजन मनकोटिया ने बताया कि वह पहले निजी क्षेत्र में नौकरी करते थे, लेकिन बीमारी के कारण उन्हें नौकरी छोड़नी पड़ी और वह घर तक सीमित हो गए थे। उन्होंने कहा कि आरकेजीएमसी के डॉक्टरों ने उन्हें नई जिंदगी दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना के तहत उनका पूरा इलाज और सर्जरी हुई और उन्हें इसके लिए कोई खर्च नहीं करना पड़ा।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!