Kullu: पार्वती वैली में कुरियर से चरस सप्लाई का खेल उजागर, सतर्क डिलीवरी बॉय ने पुलिस को सौंपा संदिग्ध पार्सल

कुल्लू जिले की चर्चित पार्वती वैली में नशा तस्करों द्वारा चरस सप्लाई के लिए कुरियर सर्विस का इस्तेमाल किए जाने का एक नया मामला सामने आया है। इस पूरे मामले का खुलासा एक कुरियर कर्मी की सतर्कता से हुआ, जिसके चलते पुलिस ने 151 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमारोपा निवासी विशाल, जो कुरियर सर्विस से जुड़ा हुआ है, ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। विशाल ने बताया कि उसने कसोल स्थित एक बेकरी शॉप से एक पार्सल पिक किया था। पार्सल हाथ में लेने के बाद उसे उसमें रखी वस्तु को लेकर शक हुआ, क्योंकि वह सामान्य डिलीवरी पार्सलों से अलग महसूस हो रहा था।

संदेह होने पर विशाल ने पार्सल को डिलीवर करने की बजाय सीधे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने जब पार्सल की जांच की तो उसके अंदर से 151 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेते हुए कानूनी प्रक्रिया शुरू की।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन ने बताया कि चरस को कब्जे में ले लिया गया है और इस संबंध में जरी पुलिस चौकी में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि पार्सल किसने बुक किया था और इसे कहां भेजा जाना था। इसके साथ ही कसोल स्थित संबंधित बेकरी शॉप के संचालक से भी पूछताछ की जा सकती है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!