हिमाचल प्रदेश के पुलिस जिला नूरपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो मामलों में कार्रवाई करते हुए हैरोइन (चिट्टा) और चरस बरामद की है तथा चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पहला मामला पुलिस थाना रैहन क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम देहरी कॉलेज क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 1.82 ग्राम हैरोइन यानी चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष उर्फ ब्राउन मुंडा पुत्र ज्ञान चंद, निवासी वीपीओ कंदौर, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 30 वर्ष और कन्नू सागर पुत्र संदीप कुमार, निवासी वीपीओ कंदौर, तहसील फतेहपुर, जिला कांगड़ा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना रैहन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
दूसरा मामला पुलिस थाना इंदौरा क्षेत्र का है। यहां पुलिस टीम इंदपुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 90 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फारुख खान पुत्र महंमदू निवासी गांव चचूल, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह, थाना तीसा, जिला चंबा, उम्र 23 वर्ष और परवेज पुत्र शमशदीन निवासी गांव चचूल, डाकघर सनवाल, तहसील चुराह, थाना तीसा, जिला चंबा, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना इंदौरा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस के साथ साझा करें।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!