Kangra: नूरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई! इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क का किंगपिन जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश के नूरपुर पुलिस जिला ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सीआईए नूरपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए जम्मू-कश्मीर के कठुआ से एक बड़े नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसे इस इंटरस्टेट ड्रग नेटवर्क का किंगपिन माना जा रहा है।

यह मामला थाना नूरपुर में दर्ज एफआईआर नंबर 206/2025 से जुड़ा है, जिसमें एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। जानकारी के मुताबिक 11 अक्टूबर 2025 को कांडवाल बैरियर पर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने 6.044 किलोग्राम चरस बरामद की थी और उस समय मंडी जिले के तीन आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार किया गया था।

इसके बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए 1 नवंबर 2025 को मुख्य आरोपी शुभकरण, निवासी समकेहर (जवाली, जिला कांगड़ा) को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया गया था।

ताजा कार्रवाई में पुलिस ने गहन पूछताछ के आधार पर इस पूरे रैकेट के एक और मास्टरमाइंड विजय कुमार उर्फ वीके, निवासी कठुआ (जम्मू-कश्मीर) को 22 मार्च 2026 को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि बरामद की गई चरस की खेप इसी आरोपी तक पहुंचाई जानी थी।

इस गिरफ्तारी के साथ नूरपुर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में फैले एक बड़े अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि नशा मुक्त समाज बनाना उनकी प्राथमिकता है और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!