Kangra: बार-बार पकड़ा गया फिर भी नहीं सुधरा… नूरपुर पुलिस ने आदतन तस्कर को PIT NDPS में किया निरुद्ध

नशे के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने एक आदतन नशा तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारत उर्फ तम्मा निवासी छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा को PIT NDPS Act के तहत निरुद्ध किया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कई मामले दर्ज हैं, लेकिन इसके बावजूद वह अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशा तस्करी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की गई है ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और युवाओं को नशे के जाल से बचाया जा सके। आरोपी को PIT NDPS Act के प्रावधानों के तहत हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इसके अलावा, पिछले दो दिनों में नूरपुर पुलिस ने कुल चार नशा तस्करों को हिरासत में लिया है। सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

नूरपुर पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नशा तस्करी की जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!