हिमाचल प्रदेश के नेरवा क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब मुख्य सड़क के पास नमाज पढ़ने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। स्थानीय लोगों, व्यापारियों और कुछ हिंदू संगठनों की आपत्ति के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और स्थिति कुछ समय के लिए तनावपूर्ण बन गई। हालांकि, पुलिस के त्वरित हस्तक्षेप से मामला जल्द ही शांत करवा लिया गया।
जानकारी के अनुसार, नेरवा में कुछ लोग सड़क किनारे नमाज अता कर रहे थे, जिस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई। उनका कहना था कि सार्वजनिक मार्गों पर इस तरह की धार्मिक गतिविधियों से यातायात प्रभावित होता है और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। इस दौरान मौके पर नारेबाजी भी हुई और प्रदर्शनकारियों ने नमाज अदा कर रहे लोगों से भारत माता की जय के नारे भी लगवाए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने सभी से शांति बनाए रखने की अपील की और कानून-व्यवस्था कायम रखने पर जोर दिया। एहतियात के तौर पर नेरवा बाजार और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की है और सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है।
इस मामले में नमाज अदा करने वालों ने भी अपनी सफाई दी है। नेरवा तहसील के सितरोट गांव निवासी लियाकत के अनुसार, यह कोई पूर्व नियोजित कार्यक्रम नहीं था। उन्होंने बताया कि उनके गांव के निवासी इमरान के बेटे की बारात उत्तराखंड के प्लासू गांव गई थी और वापसी के दौरान शाम हो जाने के कारण नमाज का समय हो गया। ऐसे में बारात में शामिल लोगों ने हिमाचल-उत्तराखंड सीमा के पास फेडिज पुल के नजदीक रुककर वजू किया और सड़क किनारे नमाज अता की। उन्होंने कहा कि नमाज के बाद कुछ लोगों ने उनसे बहस की और नारे लगाने को कहा, जिसके बाद विवाद से बचने के लिए उन्होंने नारे लगाए और वहां से चले गए।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!