Solan: नालागढ़ में चिट्टे की बड़ी खेप के साथ दो युवक दबोचे गए, स्पैशल सैल एक्स की नाकाबंदी में खुलासा

जिला बद्दी पुलिस की स्पैशल सैल एक्स टीम ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अहम सफलता हासिल की है। पुलिस ने नालागढ़ के हररायपुर के समीप नाकाबंदी के दौरान पंजाब के दो युवकों को 22.35 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

स्पैशल सैल एक्स टीम के प्रभारी इंद्र कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि हररायपुर क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक चिट्टे की तस्करी में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में नाकाबंदी की। जैसे ही संदिग्ध बाइक सवार वहां पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रोककर तलाशी ली, इस दौरान उनके कब्जे से 22.35 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया। आरोपियों की पहचान जश्न प्रीत निवासी गौरीनंगल, जिला अमृतसर और सिमरन जीत सिंह निवासी कसीटनी, जिला गुरदासपुर, पंजाब के रूप में हुई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।

जिला बद्दी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा ने बताया कि स्पैशल सैल एक्स टीम नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सराहनीय काम कर रही है। उन्होंने कहा कि थाना मानपुरा में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चिट्टा कहां से लाया गया था और इसे किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!