हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में चैलचौक–जंजैहली सड़क मार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांडा के समीप नवानी मोड़ पर एक टाटा नैनो कार (HP 33E-1463) अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय कार में कुल पांच लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और दो नाबालिग लड़कियां शामिल थीं। दुर्घटना में सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नागरिक अस्पताल बगस्याड़ पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने घायलों की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार घायलों की पहचान सिमरन (15), यशिका (15), तरुण (18), हिमांशु (19) और आर्यन राणा (20) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी जंजैहली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नवानी मोड़ के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हो गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि नवानी मोड़ लगातार हादसों का कारण बनता जा रहा है और इसे अब ब्लैक स्पॉट माना जाने लगा है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि यहां जल्द से जल्द क्रैश बैरियर और चेतावनी संकेतक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। देवधार पंचायत के प्रधान निके राम ने घटना की पुष्टि की है। वहीं पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!