Mandi: मंडी पुलिस की बड़ी सफलता: वोल्वो बस से बरामद हुई 299 ग्राम चरस, महाराष्ट्र युवक गिरफ्तार

हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मंडी जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। सुंदरनगर के अंतर्गत पुलिस थाना धनोटू की टीम ने तरोट फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान कुल्लू के कसोल से दिल्ली जा रही एक वोल्वो बस से 299 ग्राम चरस और 40 हजार रुपए नकद बरामद किए। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, वीरवार देर रात धनोटू पुलिस की टीम ने रूटीन नाका लगाया हुआ था। इसी दौरान बस को चेकिंग के लिए रोका गया। पुलिस ने यात्रियों के सामान की तलाशी ली तो एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। गहनता से तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चरस और नकद बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केनेथ डेनियल (31) पुत्र जॉन डेनियल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सरला मनोहर, सैक्टर-17 वाशी, नवी मुंबई, जिला ठाणे, महाराष्ट्र का निवासी है।

मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस अब यह पता लगाने में लगी है कि आरोपी यह चरस कहां से लाया और किसे सप्लाई करने वाला था। इस गिरफ्तारी के बाद पुलिस को उम्मीद है कि नशे के इस अंतरराज्यीय नेटवर्क का पर्दाफाश होगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!