Mandi: चलती बस में छिपाकर ले जा रहा था 2.791 किलो चरस, मंडी पुलिस की नाकेबंदी में पकड़ा गया आरोपी

हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करों के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मंडी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना औट की पुलिस टीम ने एनएच-03 पर झलोगी स्थित आर्मी कैंप के पास नाकेबंदी के दौरान एक निजी बस से करीब 2.791 किलोग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय अंकराज अधिकारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नेपाल के जुमला जिले का निवासी है। वह वर्तमान में कुल्लू जिले के गुशैणी (बंजार) क्षेत्र में रह रहा था। आरोपी के खिलाफ थाना औट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर उसका रिमांड लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ा जा सके।

एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब इस चरस की सप्लाई चेन और इसके स्रोत की जांच कर रही है। उन्होंने साफ कहा कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और जिले में चेकिंग अभियान को और सख्त किया जाएगा। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!