Mandi: मंडी में खौफनाक लैंडस्लाइड, देखते ही देखते जमींदोज हुई गौशाला… 9 घर खाली करवाए

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के कोटली उपमंडल में हाल ही में हुई बारिश और पहाड़ी कटिंग ने बड़ा खतरा पैदा कर दिया है। सुराडी ग्राम पंचायत के रोपड़ू गांव में अचानक हुए भीषण लैंडस्लाइड के बाद पूरा इलाका दहशत में है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पहाड़ी से भारी मलबा गिरता साफ देखा जा सकता है। इस लैंडस्लाइड की चपेट में आने से एक गौशाला पूरी तरह तबाह हो गई, हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी भी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है।

लेकिन हालात अभी भी गंभीर बने हुए हैं। पहाड़ी पर कई बड़े-बड़े पत्थर और मलबा खतरनाक स्थिति में फंसा हुआ है, जो किसी भी समय नीचे गिर सकता है और गांव के लिए सीधा खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घटना के पीछे हाईवे निर्माण कार्य जिम्मेदार है। ग्रामीणों के अनुसार, गांव के ऊपर से गुजर रहे निर्माणाधीन हाईवे के लिए पहाड़ी की कटिंग की जा रही थी। पहले भी इस स्थान पर लैंडस्लाइड हो चुका था, जिसके बाद कुछ समय के लिए कटिंग रोकी गई थी, लेकिन आसपास के क्षेत्रों में काम जारी रहा। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई और कटिंग के चलते ढीली हो चुकी पहाड़ी अचानक खिसक गई।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। एसडीएम कोटली जगदीश चंद्र और स्थानीय प्रतिनिधियों ने स्थिति का जायजा लिया। खतरे को देखते हुए एहतियात के तौर पर 9 घरों को खाली करवाया गया है। प्रभावित परिवारों को फिलहाल पंचायत घर में ठहराया गया है।

एसडीएम ने बताया कि सड़क पर गिरे भारी मलबे और बोल्डर को हटाने के लिए पोकलेन मशीनों की मदद ली जाएगी, ताकि जल्द से जल्द रास्ता बहाल किया जा सके। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की गई है कि वे प्रभावित क्षेत्र के पास न जाएं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!