Mandi: मंडी में वायरल वीडियो: महिला उम्मीदवारों को 25 किलो बोरी उठाकर दौड़ना पड़ा, बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रिया पर उठे सवाल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसने प्रदेश में बेरोजगारी और सरकारी भर्ती प्रक्रियाओं पर नई बहस छेड़ दी है। यह वीडियो पशुपालन विभाग में ‘पशु मित्र’ पदों की भर्ती के दौरान का बताया जा रहा है। वीडियो में महिला उम्मीदवारों को सिर पर लगभग 25 किलो वजन की बोरी उठाकर दौड़ते हुए देखा जा सकता है। इसी दौरान एक महिला संतुलन खोकर गिर गई, लेकिन कुछ सेकेंड बाद उठकर परीक्षा पूरी करती नजर आई।

जानकारी के अनुसार यह परीक्षा धर्मपुर स्थित डिग्री कॉलेज मैदान में आयोजित की गई थी। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद लोगों ने भर्ती प्रक्रिया और बेरोजगारी की कठिनाइयों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। कई यूजर्स ने इसे नौकरी पाने की कठिन राह और बेरोजगार युवाओं की मजबूरी का प्रतीक बताया, जबकि कुछ ने इसे महिलाओं के लिए अपमानजनक और असुरक्षित करार दिया।

राजनीतिक स्तर पर भी यह मामला चर्चा में है। विपक्षी दलों ने भर्ती प्रक्रिया के मानकों पर सवाल उठाए हैं। आलोचक कह रहे हैं कि सरकार ने सत्ता में आने से पहले जिन परीक्षाओं पर आपत्ति जताई थी, अब वही प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं, पशुपालन विभाग का कहना है कि यह केवल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता की जांच के लिए किया गया है। विभाग के निदेशक संजीव कुमार धीमान के अनुसार, फील्ड ड्यूटी के दौरान अभ्यर्थियों को भारी उपकरण और सिलेंडर उठाने पड़ सकते हैं, इसलिए शारीरिक फिटनेस की यह जांच जरूरी है।

इस भर्ती प्रक्रिया में चुनिंदा अभ्यर्थियों को प्रति माह मात्र 5,000 रुपये मानदेय मिलेगा। प्रदेश भर में कुल 500 ‘पशु मित्रों’ की भर्ती की जा रही है, जिसके लिए बड़ी संख्या में बेरोजगार युवा अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!