हिमाचल प्रदेश के मनाली में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस थाने के भीतर हुआ पति-पत्नी का समझौता कुछ ही मिनटों में टूट गया। पुलिस के सामने साथ रहने की कसम खाने वाली पत्नी ने थाने से बाहर निकलते ही अपनी मां के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। इस घटना ने सभी को चौंका दिया है।
जानकारी के अनुसार पंजाब के मोगा निवासी रतन सिंह खोखर और उनकी पत्नी दलजीत कौर के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी सिलसिले में मनाली पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की। पुलिस की मौजूदगी में दोनों ने पुराने विवाद भुलाकर साथ रहने और भविष्य में झगड़ा न करने की सहमति जताई। इसके बाद पुलिस ने लिखित समझौता करवाकर दोनों को घर भेज दिया।
हालांकि, जैसे ही रतन सिंह थाने से कुछ दूरी पर पहुंचे, हालात अचानक बदल गए। आरोप है कि उनकी पत्नी दलजीत कौर और सास ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। मौके पर मौजूद रतन सिंह के वकील ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन दोनों महिलाएं नहीं मानीं। बताया जा रहा है कि इस दौरान पत्नी ने पति को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दी।
सड़क पर हंगामा बढ़ता देख पुलिस को दोबारा हस्तक्षेप करना पड़ा। पीड़ित पति रतन सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एसपी मदन लाल ने बताया कि समझौते के तुरंत बाद इस तरह की मारपीट करना कानून का उल्लंघन है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!