Kullu: मनाली में बड़ा हादसा! सोलंगनाला जा रही टूरिस्ट जीप खाई में गिरी, 7 घायल

हिमाचल प्रदेश की मशहूर पर्यटन नगरी मनाली में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां कुलंग क्षेत्र के पास सोलंगनाला की ओर जा रही पर्यटकों से भरी एक जीप अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में वाहन में सवार 7 लोग घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू होने से किसी की जान नहीं गई। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, कोलकाता से आए सात पर्यटक एक जिप्सी में सवार होकर मनाली से सोलंगनाला की ओर घूमने जा रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी कुलंग क्षेत्र के पास पहुंची, सड़क पर फिसलन होने के कारण जीप अचानक स्किड हो गई। चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और गाड़ी सीधे सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उनकी इस मदद से बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में सड़क पर फिसलन के कारण वाहन के स्किड होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है, ताकि हादसे के अन्य कारणों का भी पता लगाया जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!