ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव के दूसरे दिन श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष और पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आरएस बाली ने बतौर मुख्यातिथि कार्यक्रम में भाग लिया, जबकि विधायक मलेंद्र राजन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यातिथि ने काठगढ़ महादेव के पवित्र धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सभा के अध्यक्ष ने मुख्यातिथि और अन्य गणमान्य अतिथियों को पारंपरिक पगड़ी और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। आरएस बाली ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे पर्व हमारी सनातन संस्कृति और आस्था के प्रतीक हैं, जो समाज को एकजुट रखने का कार्य करते हैं।
आरएस बाली ने श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि काठगढ़ महादेव की आरती को लाइव प्रसारण से जोड़ने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने पर्यटन विभाग के निदेशक को तीन दिनों के भीतर इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को ड्राइंग तैयार करने और राजस्व विभाग को मार्च से पहले भूमि पर्यटन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए, ताकि आगामी बजट में इसके लिए धन का प्रावधान किया जा सके। विधायक मलेंद्र राजन के आग्रह पर आरएस बाली ने हिमाचल पर्यटन विभाग के 10 होटलों में काठगढ़ महादेव की दिव्य छवियों को प्रदर्शित करने की घोषणा भी की, जिससे इस धार्मिक स्थल की महिमा पूरे प्रदेश में और अधिक फैल सके।
इस मौके पर आरएस बाली ने अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में मंदिर सुधार सभा को धार्मिक और विकास कार्यों के लिए एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगभग 10 लाख रुपये की लागत से हाई-मास्ट लाइट लगाने की भी घोषणा की। विधायक मलेंद्र राजन ने भी श्रद्धालुओं को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा कांगड़ा जिले को पर्यटन राजधानी घोषित किया गया है और काठगढ़ महादेव, क्यालु महाराज मंदिर गंगथ और राम मंदिर डमटाल जैसे धार्मिक स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर लाने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर महंत कालिदास, मंदिर सुधार सभा के प्रधान ओम प्रकाश कटोच, महंत नितिन कुमार, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कर्ण पठानिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देविंदर मंकोटिया, कांग्रेस डिस्ट्रिक्ट यूथ प्रेसीडेंट विकु भारद्वाज, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता कटोच, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष वजिंदर पठानिया, एएसपी धर्मचंद वर्मा, एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी संजीव कुमार, तहसीलदार अपूर्व शर्मा और अन्य अधिकारी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!