Kangra: शाहपुर में फुटबॉल का जोश हाई! U-20 ट्रायल्स में युवाओं की भीड़, अगला राउंड 9 अप्रैल को

शाहपुर: कांगड़ा जिले में फुटबॉल को लेकर युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। जिला फुटबॉल एसोसिएशन, कांगड़ा के तत्वावधान में आईटीआई ग्राउंड शाहपुर में अंडर-20 जिला स्तरीय फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए ट्रायल्स आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल्स का नेतृत्व एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान और महासचिव विजय शमशेर भंडारी कर रहे हैं।

ट्रायल्स को सफल बनाने के लिए तकनीकी टीम भी पूरी तरह सक्रिय है, जिसमें कोच कावेश चौहान, सहायक कोच गौरव चौहान और रोहित शर्मा शामिल हैं। वहीं मीडिया समन्वयक के रूप में पारस अवस्थी और अभिनव राणा तथा ट्रायल समन्वयक के तौर पर सयम महाजन और आदित्य कोंडल अपनी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

ट्रायल्स के दौरान खिलाड़ियों का चयन पूरी तरह से पारदर्शी प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है। इसमें खिलाड़ियों की फिटनेस, बॉल कंट्रोल, पासिंग स्किल, खेल की समझ और समग्र प्रदर्शन को ध्यान में रखा जा रहा है। पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जिसमें क्षेत्र के कई युवा खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई।

अब ट्रायल्स का दूसरा चरण 9 अप्रैल 2026 को आयोजित किया जाएगा, जिसमें चयन प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। इस आयोजन से न केवल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है, बल्कि जिले में फुटबॉल को भी नई पहचान मिल रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!