जोगिंदर नगर में नशे के खिलाफ अभियान को और मजबूत करते हुए श्रम कल्याण बोर्ड उप-कार्यालय के कर्मचारियों ने शून्य सहिष्णुता नीति अपनाने का संकल्प लिया। श्रम कल्याण बोर्ड उप-कार्यालय जोगिंदर नगर के प्रेरक पवन कुमार ने बताया कि उपमंडल में कामगार कल्याण बोर्ड के तत्वावधान में संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके तहत आज कार्यालय में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशामुक्ति की शपथ ली।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा 15 नवंबर को शुरू किए गए प्रदेशव्यापी एंटी चिट्टा अभियान के तहत आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य नशामुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूती देना है। यह आयोजन हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर के निर्देशानुसार किया गया।
इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशे के खिलाफ शून्य सहिष्णुता नीति का समर्थन करते हुए नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने और इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि कार्यालय परिसरों के अलावा समाज में भी नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।
संकल्प कार्यक्रम में यह स्पष्ट किया गया कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है और इसका स्थायी समाधान तभी संभव है जब समाज का हर व्यक्ति इसमें अपनी जिम्मेदारी निभाए। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रतिबद्धता की शपथ के साथ किया गया।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!