हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के समीपवर्ती जिया क्षेत्र में हिमालयन थार का अवैध शिकार करने का मामला सामने आया है। वन विभाग की टीम ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें चार शिकारी और एक वाहन चालक शामिल है। यह वाहन एक पावर प्रोजेक्ट का बताया जा रहा है, जिसमें शिकार किए गए हिमालयन थार को ले जाया जा रहा था।
वन विभाग को इस क्षेत्र में अवैध शिकार की सूचना पहले से ही मिली हुई थी। इसी के आधार पर विभाग की टीम लगातार नजर रख रही थी। शिवरात्रि के बाद से टीम क्षेत्र में सक्रिय थी और मंगलवार को धयाला रोड पर एक वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन से 5 मृत हिमालयन थार, बंदूकें, कारतूस और तेजधार हथियार बरामद किए गए।
वन मंडल अधिकारी डॉ. संजीव शर्मा ने बताया कि इनपुट के आधार पर नाका लगाया गया था। वाहन से अवैध रूप से शिकार किए गए 5 हिमालयन थार बरामद हुए हैं। इसके अलावा बंदूकें, कारतूस और अन्य हथियार भी मिले हैं। पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया हैऔर उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
हिमालयन थार वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के शेड्यूल-1 के तहत संरक्षित वन्य प्राणी है, जिसका शिकार करना गैरकानूनी है। वन विभाग की सतर्कता से इस मामले में बड़ी सफलता मिली है, और पुलिस भी जांच में जुट गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!