Himachal: 2 साल बाद बदलेगा HRTC कर्मचारियों का लुक, मिलेगी नई ग्रे वर्दी, अगली बार फिर लौटेगा खाकी रंग

हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों का दो साल लंबा इंतजार अब खत्म होने वाला है। निगम प्रबंधन जल्द ही वर्दी से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने जा रहा है, जिसके बाद कर्मचारियों को नई वर्दी उपलब्ध कराई जाएगी। इस बार कर्मचारियों के लिए ग्रे रंग की वर्दी तय की गई है।

जानकारी के अनुसार वर्दी के कपड़े की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारी यूनियनों और पदाधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल मध्य प्रदेश स्थित कपड़ा मिल में गया था। वहां उन्होंने कपड़े का निरीक्षण किया और उसकी गुणवत्ता की जांच की। अब इस निरीक्षण के बाद संबंधित कंपनी टेंडर के अनुसार फाइनल कपड़ा निगम प्रबंधन को भेजेगी। इसके बाद कपड़े का लैब टेस्ट किया जाएगा और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद वर्दी तैयार की जाएगी।

उम्मीद जताई जा रही है कि अगले महीने तक कर्मचारियों को नई वर्दी मिल जाएगी और वे नई ड्रेस में नजर आएंगे। पिछले दो वर्षों से कर्मचारियों को वर्दी नहीं मिली थी, जिसके कारण कई कर्मचारी पुरानी वर्दी में ही काम कर रहे थे या फिर अपने खर्च पर वर्दी खरीदकर पहनने को मजबूर थे।

हालांकि इस बार ग्रे रंग की वर्दी दी जा रही है, लेकिन कर्मचारियों की पसंद खाकी रंग ही रही है। यूनियन पदाधिकारियों के अनुसार अगली बार मिलने वाली वर्दी में खाकी रंग को ही प्राथमिकता दी जाएगी, क्योंकि इससे चालक-परिचालकों की अलग पहचान बनती है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!