Himachal Pradesh में व्यावसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित होने से होटल और ढाबा कारोबारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर हालात ऐसे हो गए हैं कि ढाबों के चूल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं। गैस सिलेंडर का स्टॉक धीरे-धीरे खत्म हो रहा है, जिसके चलते ढाबा संचालक अब गैस का इस्तेमाल बेहद सीमित तरीके से कर रहे हैं। कुछ लोगों ने तो गैस की कमी के कारण अपने ढाबे अस्थायी रूप से बंद भी कर दिए हैं।
ढाबा संचालकों दया राम, राम कुमार, गोपाल, बबली, अनिल, रोहित, युगल, पप्पी, सुदर्शन और जरनैल सिंह ने बताया कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर नहीं मिलने से उनका कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई ढाबा मालिकों ने गैस की जगह अब इंडक्शन चूल्हों से खाना बनाना शुरू कर दिया है। वहीं हाईवे किनारे स्थित कई ढाबों में लकड़ी के तंदूर की भट्टियां तैयार कर ली गई हैं, ताकि किसी तरह ग्राहकों को खाना उपलब्ध कराया जा सके।
ढाबों के बंद होने से पर्यटकों और लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि अगर जल्द ही व्यावसायिक गैस सिलेंडर की सप्लाई बहाल नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में कई और ढाबे और होटल बंद हो सकते हैं, जिससे उनकी रोजी-रोटी पर बड़ा असर पड़ेगा।
इस बीच प्रदेश में गैस की किल्लत को देखते हुए दूसरे दिन शुक्रवार को बड़ी खेप पहुंचाई गई है। खाद्य आपूर्ति विभाग के निदेशक राम कुमार गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार शाम छह बजे तक 84 गाड़ियों के माध्यम से प्रदेश के 11 जिलों के लिए कुल 28,728 गैस सिलेंडर भेजे गए हैं।
जिलों के अनुसार बिलासपुर के लिए सात गाड़ियों में 2394 सिलेंडर, चंबा के लिए दो गाड़ियों में 684 सिलेंडर, हमीरपुर के लिए 10 गाड़ियों में 3420 सिलेंडर, कांगड़ा के लिए 15 गाड़ियों में 5130 सिलेंडर, किन्नौर के लिए दो गाड़ियों में 684 सिलेंडर, कुल्लू के लिए दो गाड़ियों में 684 सिलेंडर और मंडी के लिए 10 गाड़ियों में 3420 सिलेंडर भेजे गए हैं।
इसी तरह शिमला के लिए 15 गाड़ियों में 5130 सिलेंडर, सिरमौर के लिए पांच गाड़ियों में 2394 सिलेंडर, सोलन के लिए सात गाड़ियों में 2394 सिलेंडर और ऊना जिले के लिए नौ गाड़ियों में 3078 गैस सिलेंडर की सप्लाई भेजी गई है। विभाग का कहना है कि प्रदेश में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और लोगों को गैस बुकिंग को लेकर घबराने की जरूरत नहीं है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!