Shimla: “जायका परियोजना का श्रेय झूठा!” — स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल बोले, राज्य सरकार ने लिया ऋण, BJP सांसद ले रहे झूठा क्रेडिट!

शिमला, 31 अक्तूबर 2025: हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए खुद ऋण लेकर जायका परियोजना को स्वीकृत किया है, न कि केंद्र सरकार की किसी ग्रांट से।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कुछ सांसद इस परियोजना का झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि इसकी पूरी योजना और फंडिंग का इंतजाम राज्य सरकार ने किया है।

डॉ. शांडिल ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहल पर एक व्यापक स्वास्थ्य सुधार परियोजना तैयार की गई थी, जिसकी फंडिंग अंतरराष्ट्रीय एजेंसी जायका (JICA) के माध्यम से की जा रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश के सभी मेडिकल कॉलेजों, क्षेत्रीय अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करना है।

रोबोटिक सर्जरी से उपचार में क्रांतिकारी सुधार

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि चमियाणा अस्पताल और टांडा मेडिकल कॉलेज में अब रोबोटिक सर्जरी की अत्याधुनिक सुविधा शुरू हो चुकी है। इससे प्रदेश के लोगों को राज्य में ही उन्नत उपचार उपलब्ध हो रहा है और उन्हें अब इलाज के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेता हर्ष महाजन इस परियोजना का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह योजना राज्य सरकार ने दो वर्ष पहले ही तैयार की थी।

“डबल इंजन सरकार के समय स्वास्थ्य व्यवस्था चरमराई”

डॉ. शांडिल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जब राज्य में भाजपा की डबल इंजन सरकार थी, तब स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बेहद खराब थी।

“राज्य के बड़े-बड़े अस्पतालों में 20-20 साल पुरानी मशीनें लगी थीं। मरीजों को इलाज के लिए प्रदेश से बाहर जाना पड़ता था, लेकिन तब भाजपा सरकार ने कोई ध्यान नहीं दिया,” उन्होंने कहा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार के प्रयासों से अब प्रदेश में सस्ता, सुलभ और बेहतर इलाज उपलब्ध हो रहा है। यह सरकार का लक्ष्य है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा मिले, चाहे वह किसी भी इलाके में क्यों न रहता हो।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!