Kangra: शादी के सिर्फ डेढ़ महीने बाद करंट से गई जान: पत्नी संग खाना छोड़ ड्यूटी पर निकले हरविंदर लौटे कफन में

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के देहरा उपमंडल के त्रिपल गांव से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां बिजली विभाग में कार्यरत 29 वर्षीय हरविंदर सिंह की ड्यूटी के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा और भी ज्यादा भावुक कर देने वाला इसलिए है क्योंकि हरविंदर की शादी को अभी केवल डेढ़ महीना ही हुआ था। वह शिमला के धामी क्षेत्र में टीमेट के पद पर तैनात थे। मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे हरविंदर अपने कमरे में पत्नी के साथ खाना खाने लौटे थे। दोनों ने साथ में दोपहर का खाना शुरू ही किया था कि तभी बिजली विभाग में एक जरूरी शिकायत आई। कर्तव्यनिष्ठ हरविंदर ने पत्नी से कहा, “मैं बस अभी आया,” और मौके पर रवाना हो गए।

Advertisement – HIM Live Tv

हरविंदर 16 मील क्षेत्र में एक उपभोक्ता के घर बिजली का मीटर लगाने पहुंचे थे। जैसे ही वे बिजली के खंभे पर सर्विस वायर जोड़ने के लिए चढ़े, अचानक उनका पैर फिसल गया और वे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। करंट लगते ही वे खंभे से नीचे गिर पड़े और उनके सिर और नाक पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें धामी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हरविंदर की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। जिस घर में डेढ़ महीने पहले शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। उनकी नवविवाहित पत्नी, जो खाना खाते समय उनके साथ थीं, सदमे में हैं। उनके हाथों की मेहंदी अभी भी पूरी तरह नहीं उतरी थी, हल्दी की खुशबू अभी भी मौजूद थी, और इतने में उनका सुहाग उजड़ गया। हरविंदर तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और उनके पिता रविंद्र सिंह भी बिजली विभाग से ही सेवानिवृत्त हैं। इस घटना ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और विभाग को भी गहरी पीड़ा में डाल दिया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!