हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के पुनर्गठन की प्रक्रिया के बीच पार्टी प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह राज्य के सभी जिलों का दौरा करेंगी। इस दौरे की रूपरेखा तैयार कर ली गई है, जिसका उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरना और विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देना है। प्रतिभा सिंह इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी और संगठन की मजबूती के लिए सुझाव लेंगी। इसके तहत सभी जिला और ब्लॉक नेताओं के साथ बैठकें भी की जाएंगी।
पहले चरण में प्रतिभा सिंह 19 से 22 मार्च तक मंडी जिले का दौरा करेंगी। 19 मार्च को वह सुंदरनगर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होंगी। 20 मार्च को मंडी सदर, द्रंग, जोगिंद्रनगर, सराज और बल्ह विधानसभा क्षेत्रों के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। 21 मार्चको सुंदरनगर, नाचन, सरकाघाट, धर्मपुर और करसोग विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। 22 मार्च को वह नाचन में एक वार्षिक पारितोषिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जिसके बाद शिमला लौटेंगी। इसके बाद उनके अन्य जिलों के दौरे का शेड्यूल जारी किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं और उन्हें मजबूत करना, उनकी समस्याओं को सुनना और समाधान निकालना उनका प्रमुख दायित्व है। उन्होंने कहा कि वह प्रदेश के सभी जिलों का दौरा करेंगी और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से सुझाव लेंगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!