Himachal: हिमाचल में सीमेंट के दाम फिर बढ़े, 15 रुपए की नई मार, आगे और महंगाई का खतरा

हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर सीमेंट के दाम बढ़ गए हैं, जिससे आम लोगों की जेब पर सीधा असर पड़ा है। ताजा बढ़ोतरी के तहत सीमेंट की कीमत में 15 रुपए प्रति बैग का इजाफा हुआ है। इतना ही नहीं, आने वाले दिनों में कीमतों में 15 से 20 रुपए तक और बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि कंपनियों ने डीलरों को पहले ही इसके संकेत दे दिए हैं।

सीमेंट के दाम बढ़ने से घर बनाने या निर्माण कार्य कराने वाले लोगों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। इससे पहले जनवरी माह में भी सीमेंट की कीमतों में 10 रुपए की बढ़ोतरी हुई थी। लगातार बढ़ती कीमतों के कारण निर्माण कार्य और महंगे होते जा रहे हैं।

गौरतलब है कि 22 सितंबर 2025 को जीएसटी में बदलाव के बाद सीमेंट के दामों में बड़ी राहत मिली थी। उस समय 28 प्रतिशत जीएसटी स्लैब खत्म कर इसे 18 प्रतिशत में शामिल किया गया था, जिससे कीमतों में करीब 30 से 40 फीसदी तक की गिरावट आई थी। हालांकि, इसके बाद से कीमतें फिर लगातार बढ़ रही हैं।

पिछले दो से तीन वर्षों में सीमेंट के दामों में कुल मिलाकर 150 से 200 रुपए तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। सोलन में जहां पहले सीमेंट का एक बैग 385 रुपए में मिल रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर 400 रुपए प्रति बैग हो गई है।

इस नई बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है, खासकर उन लोगों के लिए जो निर्माण कार्य की योजना बना रहे हैं।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!