संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित CDS (प्रथम) 2025 परीक्षा में हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले की बेटी महक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे देश में 24वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ ही महक शर्मा बिलासपुर जिले की पहली महिला लेफ्टिनेंट बनने जा रही हैं। उनकी इस बड़ी सफलता पर मंगलवार को घुमारवीं स्थित मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक सादे लेकिन सम्मानजनक समारोह का आयोजन किया गया, जहां स्कूल प्रबंधन ने अपनी पूर्व छात्रा को सम्मानित किया।
समारोह के दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य प्रवेश चंदेल, मिनर्वा स्टडी सर्कल के सीएमडी राकेश चंदेल और अन्य स्टाफ सदस्यों ने महक को स्मृति चिन्ह भेंट किया और उन्हें हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इस भावुक मौके पर महक के दादा हरबंस लाल और दादी रोशनी देवी भी मौजूद रहे। महक ने अपनी 10वीं तक की पढ़ाई इसी स्कूल से पूरी की है, जिससे यह उपलब्धि स्कूल के लिए भी गर्व का विषय बन गई है।
इस अवसर पर एक और खास बात सामने आई कि महक के छोटे भाई शिव मंथन का भी चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है और वह फिलहाल पुणे में प्रशिक्षण ले रहे हैं। एक ही परिवार से दो बच्चों का सेना में अधिकारी बनना पूरे इलाके में चर्चा और गर्व का कारण बना हुआ है। महक के पिता चमन लाल शर्मा घुमारवीं में प्रिंटिंग प्रेस और नर्सरी का संचालन करते हैं, जबकि उनकी माता शशि कुमारी गृहिणी हैं।
महक शर्मा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया है। उन्होंने बताया कि अब वह चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी में प्री-कमीशन ट्रेनिंग के लिए जाएंगी। उनकी इस उपलब्धि से पूरे घुमारवीं और बिलासपुर जिले में खुशी का माहौल है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!