हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला में समाज के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली, जब दो छोटी बच्चियों ने ऐसा काम किया जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया। शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर टौणीदेवी पुलिस चौकी के पास इन बच्चियों ने सड़क पर बिखरी बजरी को करीब 45 मिनट तक झाड़ू लगाकर साफ किया, ताकि कोई हादसा न हो सके।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे एक ओवरलोड टिप्पर क्रशर से बजरी लेकर टौणीदेवी की ओर जा रहा था। अधिक लोड होने के कारण रास्ते में लगातार बजरी गिरती जा रही थी, जो खासकर दोपहिया वाहनों के लिए खतरनाक साबित हो सकती थी। इसी दौरान पास के एक घर की छत पर खेल रहीं दो बच्चियों नभी और संचिता चौहान की नजर इस पर पड़ी।
बच्चियों ने तुरंत समझ लिया कि सड़क पर फैली यह बजरी किसी भी समय दुर्घटना का कारण बन सकती है। बिना किसी को बताए वे घर से झाड़ू लेकर सड़क पर पहुंच गईं और खुद ही सफाई में जुट गईं। करीब 45 मिनट तक उन्होंने लगातार सड़क बुहारकर बजरी को किनारे किया।
नन्हें हाथों से इस तरह जिम्मेदारी निभाते देख वहां से गुजर रहे वाहन चालक भी हैरान रह गए। कई लोगों ने अपने वाहन रोककर बच्चियों की तारीफ की और उनके इस जज्बे को सलाम किया। यह घटना न सिर्फ उनकी अच्छी परवरिश को दर्शाती है, बल्कि समाज के प्रति उनकी सोच को भी सामने लाती है।
हालांकि यह घटना एक बड़ा सवाल भी खड़ा करती है कि पुलिस चौकी के पास से ही ओवरलोड वाहन बेखौफ गुजर रहे थे और उनकी वजह से सड़क पर खतरा पैदा हो रहा था। यह स्थिति प्रशासन के लिए भी चिंता का विषय बन गई है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!