Hamirpur की बेटी ने किया कमाल! डॉ. अस्मिता शर्मा का अमेरिका-जापान में रिसर्च प्रेजेंटेशन के लिए चयन

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की एक होनहार बेटी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। हमीरपुर की प्रतिभाशाली चिकित्सक डॉ. अस्मिता शर्मा का चयन अमेरिका के प्रतिष्ठित नैशनल कॉम्प्रिहेन्सिव कैंसर नैटवर्क सम्मेलन में अपना शोध पत्र प्रस्तुत करने के लिए हुआ है। खास बात यह है कि अमेरिका के अलावा उन्हें जापान में आयोजित होने वाले एक अन्य अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भी अपने शोध कार्य की प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया गया है।

डॉ. अस्मिता शर्मा का यह महत्वपूर्ण शोध कैंसर और न्यूरोलॉजिकल यानी स्नायु संबंधी रोगों के उन्नत प्रबंधन पर आधारित है। उनके शोध को अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों की टीम ने गहराई से परखा, जिसके बाद ही इसे वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने की मंजूरी मिली। यह अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

नैशनल कॉम्प्रिहेन्सिव कैंसर नैटवर्क को चिकित्सा जगत में एक बहुत बड़ा मंच माना जाता है, जहां कैंसर उपचार की मानक गाइडलाइंस तय की जाती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार इस मंच पर प्रस्तुति का अवसर हर किसी को नहीं मिलता। केवल वही शोध चयनित होते हैं, जो वैज्ञानिक कसौटी पर खरे उतरते हैं और जिनका वैश्विक स्तर पर प्रभाव माना जाता है। ऐसे मंच पर चयन होना किसी भी शोधकर्ता के लिए बड़ी उपलब्धि और अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रतीक होता है।

इस सफलता के बाद डॉ. अस्मिता शर्मा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, गुरुओं और सहयोगियों को दिया है। उन्होंने अपनी माता डॉ. सुमन शर्मा, पिता डॉ. अविनाश, दादा जी, भाई-बहनों और मित्रों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन के बिना यह मुकाम हासिल करना संभव नहीं था।

डॉ. अस्मिता की इस उपलब्धि से पूरे हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और चिकित्सा जगत के विशेषज्ञों का कहना है कि उनकी मेहनत और ज्ञान ने प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत किया है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!