Bilaspur: फोरलेन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, युवक के पास से 500 ग्राम चरस बरामद; कुल्लू का रहने वाला आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के घुमारवीं थाना क्षेत्र में पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर बलोह-मल्यावर लिंक रोड के पास गश्त के दौरान पुलिस ने एक युवक को 500 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान निमत राम पुत्र डुगलू राम निवासी गांव नडाहरा, डाकघर रोपा, तहसील स्यांज जिला कुल्लू के रूप में हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम को उप निरीक्षक सुशील कुमार अपनी टीम के साथ इलाके में नियमित गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 500 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना घुमारवीं में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह मादक पदार्थ कहां से लेकर आया था और इसे कहां पहुंचाने की योजना थी।

डीएसपी विशाल वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस द्वारा नाकाबंदी और नियमित गश्त के माध्यम से नशीले पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने का प्रयास लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में गहन जांच की जा रही है और यदि इसमें किसी और व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!