धीरा-नौरा सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय पूर्व सैनिक की जान चली गई। तड़ा के पास एक अज्ञात वाहन ने नौरा पंचायत के करनेहड़ निवासी पूर्व सैनिक परमवीर सिंह को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल परमवीर सिंह को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा वीरवार रात करीब 7 बजे हुआ। परमवीर सिंह पैदल अपने घर लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। घायल की कराहने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकले और तुरंत उनके परिजनों को सूचना दी।
स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल परमवीर सिंह को इलाज के लिए टांडा अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उन्होंने जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष किया, लेकिन देर रात उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शुक्रवार को शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
शुक्रवार को ही पूर्व सैनिक परमवीर सिंह का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। वे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए हैं। गांव और आसपास के क्षेत्र में इस हादसे से शोक की लहर है।
पुलिस थाना भवारना के एसएचओ गुरदेव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक का पता लगाने के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!