Kangra: धर्मशाला में चिट्टा सप्लाई का बड़ा खुलासा, कुख्यात तस्कर गिरफ्तार; पहले भी दर्ज हैं कई मामले

धर्मशाला में चिट्टे के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीते दिनों पकड़े गए 10.58 ग्राम चिट्टे के मामले में अब दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान अनिकेत, निवासी गांव व डाकघर सराह, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अनिकेत एक कुख्यात नशा तस्कर है और उसके खिलाफ पहले भी शाहपुर और धर्मशाला थानों में चिट्टे से जुड़े दो मामले दर्ज हैं। इससे पहले जिला कांगड़ा पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब के तरनतारन निवासी मुख्य तस्कर ललित कुमार उर्फ टिंकू, उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 1, कॉलोनी गुरु तेग बहादुर नगर, गली नंबर 4, थाना सिटी तरनतारन, को 10.58 ग्राम चिट्टे सहित रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।

इस पूरे मामले को लेकर एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ, तकनीकी विश्लेषण और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री की जांच के दौरान महत्वपूर्ण सुराग मिले। जांच में सामने आया कि बरामद चिट्टा धर्मशाला में अनिकेत को सप्लाई किया जाना था। इसके बाद तुरंत विशेष टीम का गठन किया गया और लगातार छापेमारी के बाद अनिकेत को धर्मशाला से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!