Kangra: नशा मुक्त हिमाचल अभियान में देहरा पुलिस का बड़ा एक्शन, 4 कुख्यात तस्कर PIT-NDPS में डिटेन

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्त हिमाचल अभियान के तहत देहरा जिला पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने क्षेत्र में सक्रिय चार कुख्यात नशा तस्करों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत डिटेन कर जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया है। इस सख्त कार्रवाई के बाद नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अचानक नहीं की गई, बल्कि इसके पीछे कई महीनों की गुप्त निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और फील्ड स्तर की गहन जांच शामिल रही। तस्करों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही थी और पुख्ता सबूत इकट्ठा करने के बाद पुलिस मुख्यालय के माध्यम से राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा गया। 6 दिसंबर 2025 को मुख्य सचिव हिमाचल प्रदेश से अनुमति मिलते ही पुलिस ने सुनियोजित रणनीति के तहत कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह विशेष पुलिस टीमों ने चार अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ दबिश दी और सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर डिटेंशन ऑर्डर सौंपे।

डिटेन किए गए तस्करों में शरीफ मोहम्मद (47) निवासी सालिहार, खुंडियां शामिल है, जो लंबे समय से चरस तस्करी में सक्रिय था। उसके खिलाफ खुंडियां और ज्वालामुखी थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। पंकज कुमार (35) निवासी सिहोरपाई, ज्वालामुखी चिट्टा यानी हैरोइन की तस्करी में लिप्त पाया गया है, जिसके विरुद्ध ज्वालामुखी और अम्ब, ऊना थानों में चार मामले दर्ज हैं।

इसके अलावा अविनाश कुमार (36) निवासी सौंतदयाल, देहरा पर अंतर-जिला और अंतर्राज्यीय चरस तस्करी का बड़ा नेटवर्क चलाने के आरोप हैं। उसके खिलाफ देहरा, परवाणू और पिंजौर थानों में चार मामले दर्ज हैं। अशोक कुमार (54) निवासी कूहना, रक्कड़ भी लंबे समय से चरस तस्करी में संलिप्त था और उसके खिलाफ रक्कड़, ज्वालामुखी और डल्हौजी थानों में कुल पांच मामले दर्ज हैं, जो इस कार्रवाई में सबसे अधिक हैं।

इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम किया जा रहा है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि नशा तस्करी में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को, चाहे उसका प्रभाव कितना भी क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!